स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का कलेक्टर-एसपी ने लिया जायजा, जांजगीर में होगा जिलास्तरीय आयोजन

 




जांजगीर-चांपा, 12 अगस्त (हि. स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने बुधवार को शासकीय हाई स्कूल मैदान जांजगीर पहुंचकर 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिलास्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया। समारोह में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मुख्य अतिथि द्वारा समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा और परेड की सलामी ली जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन भी किया जाएगा। जिलास्तरीय आयोजन को गरिमापूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने कार्यक्रम स्थल, मुख्य मंच, बैठक व्यवस्था, परेड, ध्वजारोहण स्थल, बेरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा यातायात प्रबंधन, पार्किंग, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और पेयजल सहित अन्य आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागवार सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने देने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान आम नागरिकों और अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया।

कलेक्टर-एसपी ने पुलिस लाइन जांजगीर में आयोजित होने वाले वृक्षारोपण कार्यक्रम की तैयारियों का भी निरीक्षण किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम, जांजगीर एसडीएम सुब्रत प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT