बलरामपुर : कलेक्टर बनीं शिक्षिका, बच्चों को सिखाया अंग्रेजी के सही उच्चारण का तरीका
बलरामपुर, 16 जुलाई (हि.स.)।कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड कुसमी के दूरस्थ प्राथमिक शाला फुतूरटोली का निरीक्षण किया। इस दौरान, आज गुरुवार उन्होंने शिक्षिका की भूमिका निभाते हुए बच्चों की पढ़ाई का स्तर परखा, अंग्रेजी और गणित के सवाल पूछे तथा विद्यार्थियों को अंग्रेजी शब्दों के सही उच्चारण का अभ्यास कराया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शिक्षिका ने बताया कि यहां पहली से पांचवीं तक की कक्षाएं संचालित हैं। विद्यालय में कुल 13 विद्यार्थी नामांकित हैं, जिनमें से 9 विद्यार्थी उपस्थित थे। कलेक्टर ने अनुपस्थित विद्यार्थियों के पालकों से संपर्क कर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बच्चों से पाठ्यक्रम से जुड़े प्रश्न पूछे और ब्लैकबोर्ड पर गणित के सवाल हल करवाए। कक्षा चौथी की छात्रा गुंजन केरकेट्टा ने गुणा के प्रश्न सही हल किए और 12 तक का पहाड़ा सुनाया। वहीं कक्षा पांचवीं के छात्र टार्जन किंडो ने भी आत्मविश्वास के साथ पहाड़ा सुनाया।
इसके बाद कलेक्टर ने बच्चों से अंग्रेजी में विभिन्न जानवरों के नाम पूछे। बच्चों ने बिना झिझक जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने बच्चों को अंग्रेजी शब्दों के सही उच्चारण का तरीका समझाया और नियमित अभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों से अलग-अलग जानवरों के नाम अंग्रेजी में बुलवाए तथा उनके उच्चारण में आवश्यक सुधार भी कराया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ अभ्यास किया, जिसे देखकर कलेक्टर ने उनकी सराहना की।
कलेक्टर ने शिक्षकों से कहा कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता अलग होती है। ऐसे में कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें अतिरिक्त समय और विशेष मार्गदर्शन दिया जाए। उन्होंने कहा कि नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई और निरंतर अभ्यास से ही बच्चों की शैक्षणिक नींव मजबूत होगी और उनका भविष्य बेहतर बन सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय