बलरामपुर : उचित मूल्य दुकान पहुंचीं कलेक्टर, शक्कर-चना वितरण और राशन व्यवस्था का लिया जायजा
बलरामपुर, 25 जून (हि.स.)। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने गुरुवार को विकासखंड बलरामपुर के ग्राम सौनी स्थित उचित मूल्य दुकान का आकस्मिक निरीक्षण कर सार्वजनिक वितरण प्रणाली की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों को वितरित किए जा रहे शक्कर और चना वितरण की प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा राशन व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान दुकान संचालक ने बताया कि हितग्राहियों को तीन माह का राशन वितरित किया जा चुका है और आगामी जुलाई माह के लिए खाद्यान्न का भंडारण किया जा रहा है। कलेक्टर ने वितरण व्यवस्था से जुड़े अभिलेखों का भी अवलोकन किया।
कलेक्टर ने राशन लेने पहुंचे हितग्राहियों से सीधे संवाद कर पूछा कि उन्हें राशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। हितग्राहियों ने बताया कि उन्हें समय पर राशन मिल रहा है और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की व्यवस्था संतोषजनक ढंग से संचालित हो रही है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित किसानों से खरीफ सीजन की तैयारियों के संबंध में भी चर्चा की। किसानों ने बताया कि क्षेत्र में खाद और बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं तथा आवश्यकता के अनुसार महराजगंज समिति से आसानी से प्राप्त हो रहे हैं।
कलेक्टर ने किसानों को मौसम और बदलते वर्षा चक्र को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिक खेती अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों और छिड़काव पद्धति का उपयोग करने से फसलों की बेहतर देखभाल के साथ उत्पादन में भी वृद्धि हो सकती है। किसानों को खेती में नवाचार और तकनीकी उपायों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय