बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने ठोस कार्ययोजना बनाएं, दिसंबर तक पूरा करें पाठ्यक्रम-कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी 

 


रायगढ़ , 13 अक्टूबर (हि.स.)।कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिला शिक्षा विभाग की आज समीक्षा बैठक में जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की शैक्षणिक क्षमता के अनुरूप मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हुए कमजोर विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया जाए तथा मेधावी विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

बैठक में कलेक्टर ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के परीक्षा परिणामों में सुधार को प्राथमिकता देते हुए त्रैमासिक परीक्षा के परिणामों का विश्लेषण करने और अनुत्तीर्ण एवं कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उनके लिए विशेष कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। ऐसे विद्यार्थियों के लिए मेंटर शिक्षक नियुक्त करने, अतिरिक्त रेमेडियल कक्षाएं संचालित करने तथा महत्वपूर्ण प्रश्नों की श्रृंखला तैयार कर नियमित अभ्यास कराने को कहा। वहीं, मेधावी विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित कर उनकी प्रतिभा को निखारने और उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कलेक्टर ने सभी विद्यालयों में निर्धारित समय-सीमा के अनुसार पाठ्यक्रम पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2026 तक पाठ्यक्रम पूरा करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि विद्यार्थियों को पुनरावृत्ति और परीक्षा की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। विद्यालयों में यूनिट टेस्ट का नियमित एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के साथ ही प्राप्त परिणामों का विश्लेषण कर विद्यार्थियों की सीखने संबंधी कमियों को दूर करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में विद्यालयों में संचालित स्मार्ट क्लास की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने खराब अथवा बंद स्मार्ट क्लास की विद्यालयवार सूची तैयार कर जिला कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक मरम्मत कराकर उन्हें शीघ्र पुनः क्रियाशील किया जा सके। उन्होंने विषय शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में स्थानीय स्तर पर योग्य एवं प्रशिक्षित युवाओं, सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा कॉलेज के विद्यार्थियों का सहयोग लेकर अध्यापन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, जिससे निर्धारित समय पर पाठ्यक्रम पूरा किया जा सके।

कलेक्टर ने सभी शिक्षकों को विद्या समीक्षा केंद्र से संबंधित निर्देशों का पालन करते हुए उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विद्यार्थियों की समस्याओं, शंकाओं एवं सुझावों को प्राप्त करने तथा उनका त्वरित निराकरण करने के लिए व्हाट्सएप चैट ग्रुप बनाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक शैक्षणिक मार्गदर्शन मिल सके।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालयों के संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया कि सभी बिंदुओं पर गंभीरता से कार्यवाही करते हुए निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य हासिल करें तथा शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित समीक्षा कर विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों में गुणात्मक सुधार सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास श्रीकांत दुबे, जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान