डिजिटल जनगणना 2027: कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रशिक्षण का किया निरीक्षण, त्रुटिरहित कार्य के दिए निर्देश
कोरबा, 16 अप्रैल (हि. स.)। डिजिटल जनगणना-2027 के तहत जिले में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज गुरुवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों और सुपरवाइजर्स को पूरी निष्ठा और कार्यकुशलता के साथ त्रुटिरहित जनगणना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रगणकों को प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही सभी जानकारियों को गंभीरता से समझने और कार्य की बारीकियों पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
बताया गया कि नगरीय निकाय कोरबा क्षेत्र के प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को एनसीडीसी विद्यालय में चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर ने स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, एनसीडीसी कोरबा पहुंचकर प्रशिक्षण सत्र का सघन निरीक्षण किया और मास्टर ट्रेनरों व प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस मौके पर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सहायक कलेक्टर क्षितिज गुरुभेले, जिला जनगणना अधिकारी ओंकार यादव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर निगम के जनगणना सहायक नोडल अधिकारी पवन वर्मा ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को चार चरणों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम चरण 11 से 13 अप्रैल तक, द्वितीय चरण 15 से 17 अप्रैल तक, तृतीय चरण 18 से 20 अप्रैल तक और चतुर्थ चरण 22 से 24 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा।
इस दौरान जिला सहायक नोडल अधिकारी एम.एस. कंवर, जिला शिक्षा अधिकारी टी.आर. उपाध्याय, अपर आयुक्त विनय मिश्रा, जोन प्रभारी नीरज कौशिक, भूषण उरांव, लीलाधर पटेल, एन.के. नाथ, प्राचार्य अल्का फिलिप्स और निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी