जांजगीर-चांपा जनदर्शन: कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सुनीं 88 लोगों की समस्याएं
जांजगीर चांपा, 05 मई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले के नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। आज मंगलवार को कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित इस जनदर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे, जहां कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें। साथ ही पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया गया। कई मामलों में कलेक्टर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में विभिन्न प्रकार की समस्याएं सामने आईं। नगर पंचायत पामगढ़ निवासी लक्ष्मी अनंत ने एपीएल राशन कार्ड को निरस्त कर अंत्योदय कार्ड बनाने की मांग की। वहीं तहसील पामगढ़ के ग्राम बारगांव निवासी हाकेश्वर प्रसाद ने शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
इसी तरह ग्राम देवरघटा निवासी लक्ष्मी केंवट ने मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की बैटरी उपलब्ध कराने की मांग रखी, जबकि नगर पालिका अकलतरा निवासी मोहम्मद रईस ने अपने बच्चे के लिए आरटीई के तहत स्कूल में प्रवेश दिलाने हेतु आवेदन दिया। इसके अलावा भी कई आवेदकों ने अपनी अलग-अलग समस्याओं और मांगों को लेकर प्रशासन के सामने आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर महोबे ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समय-सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को जनदर्शन को आम जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बनाने के लिए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की बात कही।
जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह जनदर्शन कार्यक्रम आम नागरिकों के लिए अपनी समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनता जा रहा है, जिससे लोगों को त्वरित राहत मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT