कोरबा : रामपुर में निर्माणाधीन नए महाविद्यालय का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, अप्रैल 2027 तक निर्माण पूरा करने के निर्देश

 


कोरबा, 4 जुलाई (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शनिवार को रामपुर स्थित निर्माणाधीन नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से निर्माण की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्य को निर्धारित गुणवत्ता, तकनीकी मानकों एवं समय-सीमा के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य में अपेक्षित गति नहीं होने पर मैनपावर बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और सभी कार्य गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि नवीन महाविद्यालय भवन का निर्माण अप्रैल 2027 तक हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए, ताकि विद्यार्थियों को शीघ्र ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

इसके बाद कलेक्टर ने मुख्य मार्ग स्थित नवीन आंगनबाड़ी केंद्र, बनियापारा नोनबिर्रा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, बच्चों के लिए की गई व्यवस्थाओं, पोषण, स्वच्छता एवं संचालन व्यवस्था का अवलोकन किया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर ईशांत जायसवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी