कलेक्टर ने किया ईवी पीजी कॉलेज के निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण, अधूरे कार्य जल्द पूरा करने के दिए निर्देश

 


कोरबा, 03 अगस्त (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सोमवार को शासकीय ई.वी. पीजी कॉलेज, कोरबा परिसर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऑडिटोरियम के शेष निर्माण कार्य, इंटीरियर और अन्य आवश्यक सुविधाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों और महाविद्यालय को जल्द से जल्द आधुनिक ऑडिटोरियम की सुविधा उपलब्ध हो सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ऑडिटोरियम के मंच, बैठक व्यवस्था, प्रकाश एवं ध्वनि प्रणाली, इंटीरियर कार्य तथा अन्य आवश्यक उपकरणों की स्थापना को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम को सभी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, ताकि यहां शैक्षणिक, सांस्कृतिक, सेमिनार, कार्यशालाओं और अन्य महत्वपूर्ण आयोजनों का बेहतर संचालन किया जा सके।

कलेक्टर ने महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. बी.एल. साय से कॉलेज की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी भी ली। इस दौरान विद्यार्थियों की आवश्यकताओं, ऑडिटोरियम की उपयोगिता और महाविद्यालय से जुड़ी अन्य समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिक निगम के अधिकारियों ने पीजी कॉलेज मैदान में प्रस्तावित एस्ट्रोटर्फ मैदान तथा ऑडिटोरियम के शेष कार्यों के लिए चल रही निविदा प्रक्रिया की जानकारी कलेक्टर को दी। इस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन एवं नगर निगम के अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं समयसीमा के भीतर पूरी कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि ऑडिटोरियम शीघ्र तैयार होकर विद्यार्थियों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जा सके।

कलेक्टर दुदावत ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑडिटोरियम परिसर के बाहर पर्याप्त शेड निर्माण, प्रवेश द्वार से सीढ़ियों तक शेड लगाने तथा पूरे मार्ग का कंक्रीटीकरण कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश और तेज धूप के दौरान विद्यार्थियों एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा परिसर में सुरक्षित और सुगम आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, नगर निगम के अधिकारी, महाविद्यालय प्रबंधन एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी