जांजगीर-चांपा : 10वीं बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय के छात्रों का कलेक्टर ने किया सम्मान

 


जांजगीर-चांपा, 20 अप्रैल (हि. स.)। जिले में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जांजगीर के मेधावी विद्यार्थियों का कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सम्मान किया। आज साेमवार काे कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर ने विद्यार्थियों को पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना, नियमित अध्ययन और निरंतर मेहनत अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को 10वीं के बाद अपने लक्ष्य के अनुरूप विषय चयन कर आगे बढ़ने की सलाह दी और भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

इस वर्ष विद्यालय की छात्रा सोनल साहू ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के मार्गदर्शन, नियमित पढ़ाई और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दिया। वहीं शिवम सिंह ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी सफलता का अनुभव साझा करते हुए अनुशासन और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया।

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जांजगीर के कई विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। इनमें तनु थवाइत, आकांक्षा साहू, आर्यन साहू, अर्पिता तिवारी, साक्षी सोनी, अनन्या तंबोली, गरिमा महंत, शिवम सिंह, नितिन राठौर, आयुषी साहू, सौम्या धिरही, चंचल मानिकपुरी और काव्या डडसेना शामिल हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा, विद्यालय के प्राचार्य के.के. चंद्रा सहित शिक्षकगण और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT