जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं, 23 आवेदन मिले

 


जांजगीर-चांपा, 18 अगस्त (हि. स.)। जांजगीर-चांपा कलेक्टोरेट कार्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं और मांगें सुनीं। जनदर्शन के दौरान विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 23 आवेदन प्राप्त हुए।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका परीक्षण कर यथाशीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनदर्शन में राजस्व, अनुदान और रोजगार से संबंधित कई आवेदन सामने आए। तहसील मुख्यालय सारागांव निवासी भागवत प्रसाद ने खाता विभाजन करने तथा पंचनामा की नकल उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन दिया। वहीं चांपा तहसील मुख्यालय निवासी कनक दास ने अनुदान राशि दिलाने की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।

इसी तरह तहसील जांजगीर के ग्राम बोड़सरा निवासी रामचरण दिव्य ने राजस्व खाता विभाजन कराने के संबंध में अपनी समस्या रखी। विकासखंड बम्हनीडीह के ग्राम दारंग निवासी मुकेश दिनकर ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।

कलेक्टर ने जनदर्शन में पहुंचे सभी आवेदकों की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनदर्शन के माध्यम से जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का प्रयास कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT