समय-सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करें, गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं : कलेक्टर कुणाल दुदावत
कोरबा, 20 फरवरी (हि. स.)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने आज शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पीएमजीएसवाय, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और पीडब्ल्यूडी-सेतु के अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों की बैठक लेकर जिले में स्वीकृत सड़कों, पुल-पुलियों और शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश से पहले सभी स्वीकृत कार्यों में गति लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा कार्य पूर्ण होने पर एजेंसियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति (पीवीटीजी) क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पहाड़ी कोरवा और बिरहोर परिवारों के दूरस्थ ग्रामों तक सड़क निर्माण कार्यों को मार्च माह तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम गौरव पथ एवं डीएमएफ अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को भी समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा।
कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कार्यपालन अभियंता, अनुविभागीय अधिकारी एवं उप अभियंताओं को नियमित मॉनिटरिंग करने, साइट विजिट कर गुणवत्ता की जांच करने और लापरवाही पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो ठेकेदार कार्य लेकर रुचि नहीं दिखा रहे हैं, उनके विरुद्ध ब्लैक लिस्टिंग की कार्रवाई की जाए, वहीं कार्य समय पर पूर्ण करने वाले ठेकेदारों का भुगतान बिना विलंब किया जाए।
लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत सड़कों, स्कूलों, अस्पतालों एवं अन्य शासकीय भवनों के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। मरम्मत एवं कम लागत वाले कार्यों में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कार्य पूर्ण होने पर उपयोगिता एवं पूर्णता प्रमाण पत्र प्राप्त कर संबंधित विभाग को हैंडओवर सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में जिले के निर्माणाधीन प्रमुख पुल-पुलियों की भी समीक्षा की गई। कोड़ियाघाट-झोरा पुल का कार्य 15 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही सर्वमंगला मंदिर के पास हसदेव नदी पर उच्च स्तरीय पुल, दीपका-जवाली-चाकाबुड़ा, गुंजन नाला, लेमरू-श्यांग, दर्री-बेलगिरीनाला तथा लीलागर नदी पर निर्माणाधीन पुलों की प्रगति की समीक्षा की गई। शहर के सुनालिया मार्ग में पुल निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर दुदावत ने कहा कि निर्माण कार्यों का मूल्यांकन समय पर कर भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। ठेकेदार द्वारा बिल प्रस्तुत करने पर अधिकारियों को परीक्षण कर भुगतान सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने छोटे-छोटे लंबित कार्यों को मिशन मोड में अप्रैल-मई तक पूर्ण करने तथा डीएमएफ अंतर्गत पुराने कार्यों की समीक्षा कर अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार और बुधवार को कार्यालय में उपस्थित रहकर आम नागरिकों से मुलाकात करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता व समय-सीमा दोनों पर समान रूप से ध्यान देना अनिवार्य होगा।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी