सक्ती की नवपदस्थ कलेक्टर जयश्री जैन ने कलेक्ट्रेट शाखाओं का किया निरीक्षण
सक्ती, 24 अगस्त (हि. स.)। सक्ती जिले की नवपदस्थ कलेक्टर एवं आईएएस अधिकारी जयश्री जैन ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से शाखाओं में संचालित कार्यों की जानकारी ली तथा आम नागरिकों से जुड़े मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर जयश्री जैन ने निरीक्षण के दौरान कार्यालयीन व्यवस्थाओं, लंबित प्रकरणों, दस्तावेजों के संधारण और विभागीय कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे, इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में कार्यों का निष्पादन समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से किया जाना चाहिए। आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने विभिन्न शाखाओं में उपलब्ध अभिलेखों और दस्तावेजों के व्यवस्थित संधारण पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयीन रिकॉर्ड अद्यतन रखें और आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध हो, इसकी विशेष व्यवस्था की जाए। साथ ही शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
जयश्री जैन सक्ती जिले की तीसरी कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। पदभार संभालने के बाद कलेक्ट्रेट की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण उनके प्रशासनिक कार्यों की प्राथमिकताओं और कार्यालयीन व्यवस्था को लेकर उनकी सक्रियता को दर्शाता है। कलेक्टर ने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले के विकास और आम जनता की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपेक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्ट्रेट के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT