शंकरगढ़ में कलेक्टर का 10 घंटे का दौरा, खामियां मिलने पर रुकवाया सड़क निर्माण; आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का मानदेय रोका
बलरामपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)।सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी पड़ताल करने कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शंकरगढ़ विकासखंड के विभिन्न गांवों का दौरा किया।
शुक्रवार को सामने आई जानकारी के अनुसार, कलेक्टर ने गुरुवार को सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक करीब 10 घंटे क्षेत्र में रहकर आंगनबाड़ी केंद्रों, सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्कूलों और जनकल्याणकारी योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए, वहीं स्व-सहायता समूह की महिलाओं के खेती के प्रयासों की सराहना भी की।
कुंदी खुर्द आंगनबाड़ी केंद्र में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रेडी-टू-ईट और दलिया के भंडारण का रिकॉर्ड से मिलान किया। जांच में अनियमितताएं सामने आईं। पूछताछ में यह भी पता चला कि निर्धारित समय पर पहुंचे बच्चों को नाश्ता नहीं दिया गया था। बच्चों के पोषण से जुड़ी इस लापरवाही पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का मानदेय रोकने के निर्देश दिए।
बेलकोना के धारा नगर में हरिनलेटा मार्ग पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क और नाली निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने सड़क की चौड़ाई, ढलान और एलाइनमेंट की जांच की। इस दौरान गिट्टी का आकार निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर उन्होंने मौके पर ही निर्माण कार्य बंद करा दिया। कलेक्टर ने कार्यपालन अभियंता से फोन पर चर्चा कर संबंधित ठेकेदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियंता को स्वयं स्थल पर पहुंचकर निर्माण की गुणवत्ता जांचने और निर्धारित समय-सीमा में मानकों के अनुरूप काम पूरा कराने को कहा।
दौरे के दौरान पहाड़ी कोरवा बाहुल्य ग्राम पतरापारा में कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा की जा रही सब्जी की खेती का जायजा लिया। इस दौरान सोनिया शांडिल्य ने अपनी बाड़ी में उगाए टमाटर कलेक्टर को भेंट किए। कलेक्टर ने उनके परिश्रम की सराहना करते हुए प्रतीकात्मक रूप से एक टमाटर स्वीकार किया। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि क्षेत्र में 18 स्व-सहायता समूहों की 108 सदस्य टमाटर की खेती से जुड़ी हैं। इनमें से अधिकांश महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि अन्य भी इस लक्ष्य की ओर बढ़ रही हैं।
प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत चिन्हित पतरापारा गांव में कलेक्टर ने पहाड़ी कोरवा परिवारों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने एसडीएम और जनपद सीईओ को समस्याओं की पहचान कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। क्षेत्र में कृषि गतिविधियों का विस्तार करने, आंगनबाड़ी के लिए परिवारों का सर्वे कर प्रस्ताव भेजने और बिजली-पानी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए।
जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति की स्थिति जांचने कलेक्टर शंकरगढ़ विकासखंड के मानपुर गांव में निर्मल सोनवानी के घर पहुंचीं। वहां उन्होंने नल का निरीक्षण किया और परिवार से पानी की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। संबंधित सब इंजीनियर को प्रत्येक घर तक शत-प्रतिशत जल आपूर्ति सुनिश्चित करने और कमियां मिलने पर तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने राजपुर स्थित किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के कृषि सेवा केंद्र, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पहाड़ी कोरवा कन्या शिक्षा आवासीय परिसर तथा कुंदी खुर्द और हरिजन पारा के आंगनबाड़ी केंद्रों का भी जायजा लिया।
दौरे का समापन पीएम जनमन योजना के तहत जिले के अंतिम छोर पर स्थित पोड़ी खुर्द के आमापारा बहुद्देशीय केंद्र में हुआ। यहां कलेक्टर ने आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पूरे दौरे के दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
इस दौरान एसडीएम विवेक अनमोल टोप्पो, जनपद सीईओ संजय दुबे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय