कलेक्टर -एसपी ने किया जिला जेल का निरीक्षण

 


बंदियों के लिये कौशल प्रशिक्षण शुरू कराने के निर्देश

बलौदाबाजार, 24 जुलाई (हि. स.)। कलेक्टर कुलदीप शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने शुक्रवार को जिला जेल बलौदाबाजार का संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने जेल में परिरुद्ध बंदियों के लिये कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू कराने के.निर्देश दिये ताकि यहां सजा काटने के साथ ही कुछ हुनर भी सीख सकें।

कलेक्टर श्री शर्मा ने कहा क़ि, जेल स्वयं एक व्हीटीपी के रूप में पंजीकृत है इसलिए यहां जल्द प्रशिक्षण शुरू किया जा सकता है।उन्होंने कारपेंटरी प्रशिक्षण पर जोर देते हुए कहा क़ि इससे बम्बू आर्ट के जरिये विभिन्न कलाकृति बनाकर बिक्री भी किया जा सकता है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न बैरको में निरुद्ध बंदियों से मुलाक़ात कर पूछ -ताछ की। उन्होंने बंदियों के स्वास्थ्य जांच एवं ईलाज सहित परिजनों से मुलाक़ात के बारे में जेल अधीक्षक से जानकारी ली।

कलेक्टर शर्मा ने बंदियों के लिए अच्छी पुस्तकों की उपलब्धता हेतु लाइब्रेरी का निर्माण,आवश्यकता अनुसार पंखे एवं टी वी की व्यवस्था के लिये प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिये। पाकशाला में भोजन बनाने एवं भोजन की गुणवत्ता की भी जानकारी ली गई। यहां बंदियो के लिये चावल को पकाने की पैना विधि के सम्बन्ध में जानकारी लेते हुए गुणवत्ता को परखी गई और मेन्यु के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन प्रदान करने के निर्देश दिये गये।

कलेक्टर श्री शर्मा ने इस दौरान बंदियों से मुलाक़ात करने आए परिजनों से भी पूछ ताछ कर जानकारी ली क़ि मुलाकात करने में कोई समस्या तो नहीं है। परिजनों ने बताया क़ि, कोई समस्या नहीं है,तय समय अनुसार यहां फोन से बात हो जाता है।

जेल अधीक्षक ने बताया क़ि वर्तमान में 12 बैरक में 390 बंदी निरुद्ध है। जेल में कुल 17 बैरक है जिसकी क्षमता लगभग 410 है। बंदियों से मुलाकात का समय सुबह 8:30 बजे से अपरान्ह 2 बजे तक नियत है। हर दिन लगभग 30 से 50 लोग मुलकात के लिये आते है। अभी मुलाकात के लिए एक ही काउंटर है लेकिन उसके बगल में 5 काउंटर और बनाए जा रहे है जिससे सुविधा होगी। जेल के अंदर और बाहर लगभग 80 सीसीटीवी कैमरा से निगरानी की जा रही है।

इस दौरान डिप्टी कलेक्टर रजनी छड़ीमली, सीएमएचओ डॉ राजेश कुमार अवस्थी, कार्यपालन अभियंता अनुज शर्मा, सहायक जिला जेल अधीक्षक अभिषेक मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर