नशीली कफ सिरप सप्लाई करने वाला आरोपित गिरफ्तार
बलरामपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। नशीली कफ सिरप की बिक्री और सप्लाई के मामले में कुसमी पुलिस ने झारखंड के लातेहार जिले के महुआडाड़ निवासी दामोदर प्रसाद (59) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान गिरफ्तार किए गए आरोपित के बयान और मिले साक्ष्यों के आधार पर दामोदर प्रसाद की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने उसे आज रविवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला अपराध क्रमांक 28/2026 और धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक 16 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुसमी निवासी आसिफ अंसारी उर्फ बबलू नशीली कफ सिरप लेकर बिक्री के लिए घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एकलव्य स्कूल के सामने मेन रोड कुसमी के पास घेराबंदी कर आसिफ अंसारी को पकड़ा।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विंग्स कंपनी की काेडीन फास्फेट एंड ट्राईप्राेलिडिन हाइड्राेक्लाेराइड सिरफ ओनेरेक्स की 13 शीशियां बरामद की गईं। प्रत्येक शीशी 100 एमएल की थी और कुल मात्रा 1,300 एमएल थी। पुलिस ने इसकी कुल कीमत करीब 2,619.50 रुपये बताई है।
पुलिस के अनुसार, बरामद कफ सिरप के संबंध में आसिफ अंसारी से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर आज न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
मामले की आगे की विवेचना में पुलिस को आसिफ अंसारी के बयान और अन्य साक्ष्यों से कफ सिरप की सप्लाई करने वाले दामोदर प्रसाद के बारे में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार, कफ सिरप खरीदने के लिए मोबाइल के माध्यम से दामोदर प्रसाद से संपर्क किया गया था और उसी के जरिए कफ सिरप लाने की बात सामने आई।
पुलिस ने बताया कि विवेचना के दौरान दामोदर प्रसाद के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे आज रविवार को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय