सीएमएचओ ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण, आपातकालीन सेवा शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू
धमतरी, 24 मई (हि.स.)। जिला अस्पताल परिसर में बनी नई ट्रामा यूनिट अब जल्द मरीजों के लिए शुरू होने वाली है। सीएमएचओ डा यूएल कौशिक ने जिला अस्पताल के अधिकारियों के साथ ट्रामा यूनिट भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्षों का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं रविवार से पुराने भवन से इंजेक्शन कक्ष, ड्रेसिंग कक्ष और आपातकालीन सेवा को नई भवन के भूतल में शिफ्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जिला अस्पताल में ट्रामा यूनिट के द्वितीय तल में अटल आरोग्य लैब का प्रारंभिक संचालन शुरू किया जा चुका है। अब भूतल में इमरजेंसी सेवा, इंजेक्शन रूम, ड्रेसिंग रूम और फिजियोथैरेपी कक्ष संचालित करने की तैयारी की जा रही है। वहीं प्रथम तल में बर्न वार्ड, कार्डिक केयर यूनिट (सीसीयू), आइसोलेशन वार्ड एवं मीटिंग सह ट्रेनिंग हाल स्थापित किया जाएगा। नई यूनिट शुरू होने से गंभीर और दुर्घटना में घायल मरीजों को त्वरित उपचार सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
सीएमएचओ डा. कौशिक ने निरीक्षण के दौरान ट्रामा यूनिट में कक्षवार संचालित होने वाली सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। साथ ही सभी कक्षों के बाहर नेम प्लेट लगाने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने ट्रामा यूनिट में चल रहे लिफ्ट इंस्टालेशन कार्य की प्रगति की भी जानकारी ली। साथ ही मरीजों की आवाजाही को सुगम बनाने प्रवेश और निकासी मार्ग की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डा अरुण कुमार टोंडर, ब्लड बैंक प्रभारी डा आदित्य सिन्हा एवं अस्पताल सलाहकार गिरीश कश्यप उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा