मुख्यमंत्री साय राष्ट्रीय खेल दिवस पर 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को करेंगे सम्मानित

 

रायपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर 29 अगस्त को आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर पांच टीमों के 43 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी भी प्रदान की जाएगी।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राजधानी रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शनिवार को शाम चार बजे से राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

समारोह में वर्ष 2023-24, 2024-25 तथा 2025-26 के लिए कुल 125 उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को विभिन्न पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान तथा मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल हैं।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव समारोह की अध्यक्षता करेंगे। केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह तथा उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

समारोह में राज्य मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिले के विधायकगण, महापौर मीनल चौबे तथा जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं खेल जगत से जुड़े लोग भी शामिल होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल