बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने सुकमा पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

 


सुकमा, रायपुर 28 सितम्बर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को बाढ़ प्रभावित सुकमा जिला पहुंचे और जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने राहत केंद्रों का निरीक्षण किया तथा वहां रह रहे लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन से बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति तथा प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता की जानकारी ली। उन्होंने राहत केंद्रों में भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल