मुख्यमंत्री साय ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र को दी 27.53 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शेड एवं पेवर ब्लॉक कार्य और ग्राम चरौदा में नवीन मंगल भवन निर्माण की घोषणा की
रायपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज रविवार काे रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा में आयोजित कार्यक्रम में 27 करोड़ 53 लाख 87 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। इन कार्यों से क्षेत्र में सिंचाई, सड़क, विद्युत और ग्रामीण अधोसंरचना सुविधाओं का विस्तार होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक कार्य तथा ग्राम चरौदा में नवीन मंगल भवन निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री साय ने विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचने वाली सेवा संवाद यात्रा का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि गांवों का विकास और किसानों की समृद्धि हमारी सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आज धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में 27 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी, ग्रामीण सड़कों का विस्तार होगा तथा बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा करने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का लक्ष्य लेकर कार्य प्रारंभ किया था। सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 18 लाख परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का निर्णय लिया। गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के साथ ही किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में प्रारंभ की गई सेवा संवाद यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझना बहुत महत्वपूर्ण है। ग्राम चरौदा से शुरू हुई यह यात्रा धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचेगी। इसके माध्यम से ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। सेवा संवाद यात्रा इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग के अंतर्गत 9 करोड़ 87 लाख 48 हजार रुपये तथा जल संसाधन विभाग, तिल्दा के अंतर्गत 4 करोड़ 10 लाख 17 हजार रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस प्रकार सिंचाई से संबंधित कार्यों पर कुल 13 करोड़ 97 लाख 65 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों को खेती-किसानी के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 4 करोड़ 56 लाख 86 हजार रुपये की लागत के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क अधोसंरचना मजबूत होगी तथा लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सिंचाई, सड़क, बिजली और सामुदायिक सुविधाओं का विकास ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज भूमिपूजन किए गए विकास कार्यों और नई घोषणाओं से धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्रवासियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल