छठ महापर्व पर मुख्यमंत्री साय ने कुनकुरी वासियों को दी 15.50 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

 


रायपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के पावन अवसर पर जशपुर जिले के कुनकुरी वासियों को विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री साय ने जशपुर प्रवास के दौरान नगर पंचायत कुनकुरी में लगभग 15 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन निर्माण सहित छठ तालाब के विकास और कायाकल्प से जुड़े विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया।

छठ महापर्व पर मुख्यमंत्री साय ने कुनकुरी वासियों को 15.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। कुनकुरी में छठ तालाब के विकास और सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री साय द्वारा भूमिपूजन किए गए विकास कार्यों में छठ तालाब का कायाकल्प विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इसके अंतर्गत 6 करोड़ 89 लाख 61 हजार रुपये की लागत से छठ तालाब का रिज्युविनेशन कार्य तथा 5 करोड़ 17 लाख 2 हजार रुपये की लागत से छठ तालाब विकास कार्य कराया जाएगा।

नगर पंचायत कुनकुरी के वार्ड क्रमांक 01 में 3 करोड़ 65 लाख 3 हजार रुपये की लागत से मल्टीपर्पस हॉल एवं सांस्कृतिक भवन का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ ही नागरिकों के जीवनस्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कुनकुरी में इन विकास कार्यों से नगर की सुंदरता बढ़ेगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय की धर्मपत्नी कौशल्या साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल