सीएम साय ने इचकेला की बेटियों का क्रिकेट किट देकर बढ़ाया हौसला, राष्ट्रीयस्तर पर चमका जशपुर

 






जशपुर, 29 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार काे जशपुर विकासखंड स्थित मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम में ग्राम इचकेला की बालिका क्रिकेट टीम की 16 खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। जिले का नाम राष्ट्रीयस्तर पर रोशन करने वाली इन प्रतिभाशाली छात्राओं को मुख्यमंत्री ने क्रिकेट किट प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास, इचकेला की इन बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन छात्राओं ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से जिले और प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अनुशासन, लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, ताकि वे भविष्य में राज्य और देश का नाम और ऊंचा कर सकें।

इचकेला एमसीसी की बालिकाओं ने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वर्तमान में इस अकादमी से 17 खिलाड़ी अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में छत्तीसगढ़ क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जबकि करीब 40 बालिकाएं नियमित रूप से क्रिकेट का अभ्यास कर रही हैं। वर्ष 2025 में सरगुजा संभाग ने 25 वर्षों बाद अंडर-17 राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया, जिसमें टीम के 11 खिलाड़ियों में से 9 खिलाड़ी इचकेला एमसीसी से थीं। वहीं अंडर-19 वर्ग में भी संभाग ने रजत पदक जीता, जिसमें 8 खिलाड़ी इसी अकादमी से थीं।

रायगढ़ में आयोजित इंटर-स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट 2025 में भी इचकेला की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। अब तक इस समूह की 11 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले और राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।

इन उपलब्धियों के पीछे कोच संतोष शंकर सोनी और पंडरी बाई का समर्पित मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा है, जिन्होंने ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह