मुख्यमंत्री साय ने पत्नी कौशल्या के साथ उगते सूर्य को दिया अर्घ्य
रायपुर , 16 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित छठ घाट पर जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी पत्नी कौशल्या साय के साथ सोमवार की सुबह घर से छठ पूजा की सामग्री और प्रसाद से सजे सूप-दउरा लेकर कुनकुरी स्थित छठ घाट पहुंचे।यहां दोनों ने जल में खड़े होकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने छठ पूजा को प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व बताते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कुनकुरी में लगभग 23.17 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया।इससे एक दिन पहले उन्होंने दुलदुला के छठ घाट पहुंचकर डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया था।
पूजा अर्चना के बाद मुख्यमंत्री साय ने बताया कि हर साल की तरह मैं और मेरी पत्नी छठ महापर्व मनाने के लिए अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी आए हैं। हर साल यहां उगते सूर्य को अर्घ्य देकर सभी का आशीर्वाद लेते हैं। आज छठ घाट का ‘भूमि पूजन’ है। सभी लोगों को छठ महापर्व की बहुत-बहुत बधाई और शुभकामना. सबके घर से सुख और समृद्धि आए।
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा