प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुरूप शहरों को आर्थिक विकास के सशक्त केंद्र बना रही डबल इंजन सरकार : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री ने रिसाली को दी 101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
रायपुर, 24 नवंबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप छत्तीसगढ़ के शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के सशक्त केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मंगलवार को दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर 101 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। साथ ही क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, जल निकासी और मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में नगरीय विकास को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अमृत मिशन से शहरों में पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। स्वच्छ भारत मिशन ने शहरों में स्वच्छता के प्रति नई जागरूकता पैदा की है। पीएम स्वनिधि योजना से रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल मिल रहा है, वहीं पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है। इनमें नगर निगम के अंतर्गत 29 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन तथा 39 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 28 करोड़ 6 लाख रुपये की लागत के एक कार्य और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत 3 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि, छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई भिलाई में लगभग 28 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से नए आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि इन सभी कार्यों में सड़क, पेयजल, जल निकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, उद्यान, सामुदायिक सुविधाओं और शैक्षणिक अधोसंरचना को प्राथमिकता दी गई है। इन विकास कार्यों से रिसाली के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। आज रिसाली को 101 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। प्रदेश के नगरीय निकायों ने विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कार प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने रिसालीवासियों को आश्वस्त किया कि नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र एवं अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने समाज कल्याण विभाग की हितग्राही चंचला दुर्गा एवं रघुनंदन ध्रुव को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, शिव प्रसाद को ट्राइसाइकिल, विकास कुमार को व्हीलचेयर तथा रोहिणी मानिकपुरी को श्रवण यंत्र प्रदान किया। अन्य हितग्राहियों को भी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सहायता सामग्री और लाभ वितरित किए गए।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष तथा दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू, खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष राकेश पांडे, दुर्ग महापौर श्रीमती अलका बाघमार, रिसाली महापौर श्रीमती शशि सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, पूर्व मंत्री श्रीमती रमशीला साहू एवं सुरेंद्र कौशिक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर