जशपुर : सीएम साय करेंगे राज्य स्तरीय सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास और 'सियान गुड़ी' का लोकार्पण
जशपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आगामी 17 अप्रैल को जशपुर प्रवास प्रस्तावित है, जिसे लेकर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां युद्ध स्तर पर तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री अपने इस प्रवास के दौरान जशपुर के ऐतिहासिक रणजीता स्टेडियम में आयोजित 'प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना' के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगे।
इस भव्य समारोह में वे प्रदेश के लिए स्वीकृत नई सड़क परियोजनाओं का भूमिपूजन करने के साथ-साथ विभिन्न पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण कर जनता को समर्पित करेंगे। मुख्यमंत्री के हाथों बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई डे-केयर यूनिट 'सियान गुड़ी' का भी शुभारंभ होगा, जहां योग, मनोरंजन, पुस्तकालय और कौशल विकास जैसी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई गई हैं।
आयोजन की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने रणजीता स्टेडियम और भागलपुर रोड स्थित सियान गुड़ी केंद्र का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंच की साज-सज्जा, सुरक्षा घेरा, आमजनों के बैठने की व्यवस्था, लाइटिंग और निर्बाध आवागमन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भीषण गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर ठंडे पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था हो और स्वास्थ्य विभाग की एक विशेष टीम एम्बुलेंस, जरूरी दवाओं व ओआरएस पैकेट के साथ तैनात रहे। सुरक्षा और व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए प्रशासन ने सड़कों पर आवारा पशुओं के प्रबंधन हेतु काउ-कैचर तैनात करने और यातायात सुचारू रखने की कार्ययोजना बनाई है।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, सहायक कलेक्टर अनिकेत अशोक फड़तरे और अपर कलेक्टर प्रदीप साहू सहित जिला प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर श्री व्यास ने सभी विभागीय अधिकारियों को उनके दायित्वों के प्रति सचेत करते हुए निर्देशित किया कि राज्य स्तरीय इस गौरवशाली कार्यक्रम का सफल आयोजन समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह