बलरामपुर : मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की पहल से नहर अतिक्रमण मुक्त, किसानों को राहत

 


बलरामपुर, 19 जून (हि.स.)।मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के त्वरित निराकरण से ग्राम राधानगर के किसानों को बड़ी राहत मिली है। निजी व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण कर बाधित किए गए नहर मार्ग को प्रशासन की पहल पर मुक्त करा लिया गया है, जिससे सिंचाई व्यवस्था पुनः सुचारु हो गई है।

ग्रामीण किसानों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर बताया था कि धमनी जलाशय योजना की नहर के जल प्रवाह को प्रस्तावित दिशा से परिवर्तित कर एक व्यक्ति द्वारा अतिक्रमण कर नहर को पाट दिया गया है। इससे जल प्रवाह बाधित हो रहा था और क्षेत्र के किसानों को सिंचाई संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।

शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अतिक्रमणकर्ता को तत्काल नहर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए।प्रशासन की तत्पर कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकर्ता ने स्वयं नहर से कब्जा हटा लिया। इसके पश्चात नहर का सुधार कार्य भी कराया गया, जिससे जल प्रवाह पुनः शुरू हो सका।

नहर के पुनर्संचालन से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलने लगा है। इससे खेती-किसानी के कार्यों में सुविधा होगी तथा फसलों की सिंचाई की समस्या का समाधान हो सकेगा।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जिला प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समयबद्ध निराकरण से किसानों को बड़ी राहत मिली है और शासन की शिकायत निवारण व्यवस्था पर उनका विश्वास और मजबूत हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय