कोरबा : सीएम हेल्पलाइन 1076 जल्द होगी शुरू, आम जनता की शिकायतों का होगा 24 घंटे समाधान

 


कोरबा, 26 मई (हि. स.)। प्रदेश में जल्द शुरू होने जा रही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली 1076 के प्रभावी संचालन को लेकर आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर कुणाल दुदावत ने की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को अपने कार्यालय में पोर्टल संचालन के लिए एक जिम्मेदार कर्मचारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला कार्यालय की शिकायत शाखा में सीएम हेल्पलाइन प्रकोष्ठ तैयार करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए ऑनलाइन शिकायत पंजीयन, मॉनिटरिंग और समाधान की चरणबद्ध प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप राज्य सरकार नागरिकों को शासकीय सेवाओं और योजनाओं तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने तथा उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू कर रही है।

उन्होंने कहा कि सुशासन एवं अभिसरण विभाग के अंतर्गत संचालित यह प्रणाली नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने, योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा समयबद्ध समाधान पाने के लिए एकीकृत और विश्वसनीय मंच प्रदान करेगी। सीएम हेल्पलाइन सेंटर सप्ताह के सातों दिन और 24 घंटे सक्रिय रहेगा।

कलेक्टर ने बताया कि प्रदेश का कोई भी नागरिक टोल फ्री नंबर 1076, वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप अथवा व्हाट्सएप जैसे मल्टी चैनल माध्यमों से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। शिकायत दर्ज होते ही शिकायतकर्ता को एक विशिष्ट पहचान संख्या उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके माध्यम से वह अपनी शिकायत की स्थिति, संबंधित विभाग, अधिकारी तथा समाधान में लगने वाले समय की जानकारी प्राप्त कर सकेगा।

उन्होंने कहा कि शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद उसे संबंधित विभाग और अधिकारी तक पहुंचाया जाएगा। पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम से जुड़ी होगी, जिससे अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और शिकायतों के लंबित रहने की संभावना कम होगी। शिकायतों के समाधान के बाद संबंधित नागरिक से फीडबैक भी लिया जाएगा। शिकायतकर्ता के संतुष्ट होने पर ही प्रकरण का पूर्ण निराकरण माना जाएगा। असंतुष्ट होने पर शिकायत स्वतः पुनः सक्रिय हो जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि, इस पूरी व्यवस्था की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रियल टाइम मॉनिटरिंग के माध्यम से की जाएगी, जिससे प्रशासन अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और सक्रिय बनेगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, एसडीएम कटघोरा तन्मय खन्ना, ओएसडी तरुण किरण, डीएफओ कोरबा प्रेमलता यादव, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी