गांधी जयंती पर सामाजिक भवनों और गलियों की हुई सफाई
धमतरी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिला साहू संघ धमतरी ने दो अक्टूबर महात्मा गांधी जयंती को स्वच्छता दिवस के रूप में मनाते हुए जिले के विभिन्न ग्रामों और शहरों में स्वच्छता अभियान चलाया।
समाजजनों ने सामाजिक भवनों के आसपास और गलियों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसी क्रम में जिला साहू संघ अध्यक्ष गणेश राम साहू ने अपने गृह ग्राम पचपेड़ी में गांधी जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया तथा तिलक लगाकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद सामाजिक भवनों और गलियों की सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
गणेश राम साहू ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश को स्वतंत्रता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता से मन में स्वच्छ विचार उत्पन्न होते हैं। गांधी जयंती का दिन हम सभी के लिए संकल्प लेने का अवसर है कि अपने मोहल्ले, ग्राम, ब्लाक, तहसील, जिला, राज्य और देश को स्वच्छ रखने में योगदान दें। स्वच्छता प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पचपेड़ी के सरपंच विनय कुमार साहू, ग्रामीण साहू संघ पचपेड़ी अध्यक्ष गंगाराम साहू, जिला साहू संघ महिला प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष कुलेश्वरी साहू, सलाहकार भिखारी साहू, कार्यकारिणी सदस्य धनंजय साहू, परिक्षेत्र साहू समाज तरगोंधी की उपाध्यक्ष गायत्री साहू, फुलेश्वरी साहू, दुर्गा साहू, मोहर सिंह साहू, लिकेश साहू, रोहित साहू, पुना साहू, जगदीश साहू, गुलजार साहू सहित सामाजिक जन और ग्रामवासी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा