कोरबा में स्वच्छता महाअभियान तेज, वार्ड 20 और 30 में मेगा ड्राइव, आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
कोरबा, 18 मार्च (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता महाअभियान के तहत बुधवार को वार्ड क्रमांक 20 और 30 में व्यापक स्तर पर मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाया गया। अभियान के 14वें दिन नालियों की सफाई, कचरा उठाव, कीटनाशक छिड़काव और सड़कों की सफाई सहित कई कार्य बड़े पैमाने पर किए गए।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अभियान के दौरान दोनों वार्डों में पैदल भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मच्छरों की रोकथाम के लिए नियमित और पर्याप्त मात्रा में दवाओं का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए। साथ ही नालियों के स्लैब हटाकर सतह से सफाई करने और जर्जर स्लैब को बदलने के निर्देश भी दिए।
आयुक्त ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के दौरान 100 प्रतिशत स्रोत पृथक्करण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए स्वच्छता दीदियों को निर्धारित रंग के थैले उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पथरीपारा बस्ती में बड़े नाले के निर्माण के लिए प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने को भी कहा गया।
अभियान के दौरान सड़कों के किनारे जमी धूल-मिट्टी की सफाई, झाड़ियों की कटाई, कचरे का त्वरित उठाव और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया। साथ ही अवैध कब्जा, सी एंड डी वेस्ट और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कई दुकानों और ठेलों में डस्टबिन नहीं पाए गए, जिस पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि वे अनिवार्य रूप से डस्टबिन रखें और कचरा सड़क पर न फेंकें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से बातचीत की और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सफाई व्यवस्था, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश भी मौके पर दिए गए।
आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे शहर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें और प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करें। उन्होंने कहा कि सभी मिलकर संकल्प लें कि न तो गंदगी करेंगे और न ही किसी को करने देंगे।
स्वच्छता महाअभियान के तहत 19 मार्च को वार्ड क्रमांक 45 परसाभांठा और वार्ड क्रमांक 48 हसदेव कॉलोनी में विशेष मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी