स्वच्छता संकल्प पर कोरबा रचेगा इतिहास, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी

 




कोरबा, 05 फरवरी (हि.स.)। स्वच्छता के क्षेत्र में कोरबा शहर एक नया इतिहास रचने जा रहा है। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा 06 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे घंटाघर से रविशंकर शुक्ल नगर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर एक भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें एक ही बैनर पर एक घंटे की समयसीमा में 10 हजार से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षर कराकर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

यह आयोजन प्रदेश के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य, कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत की अध्यक्षता तथा कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न होगा। महापौर संजूदेवी राजपूत एवं आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा आयोजन की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

नगर निगम द्वारा “महासंकल्प 2026” के अंतर्गत यह वृहद स्वच्छता अभियान आयोजित किया जा रहा है।

आयोजन स्थल पर 280 मीटर लंबा बैनर लगाया जाएगा, जिसे सुव्यवस्थित संचालन के लिए 14 जोन और 70 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन एवं सेक्टर में अधिकारियों, समन्वयकों और वॉलेंटियरों की तैनाती की गई है, ताकि निर्धारित एक घंटे की समयसीमा में अधिकतम हस्ताक्षर सुनिश्चित किए जा सकें और पुराने रिकॉर्ड को तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया जा सके।

आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा शहर में कुल 06 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। विभिन्न विभागों, शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों, स्कूल-कॉलेजों, सामाजिक संगठनों, महिला एवं बाल विकास विभाग, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वच्छता दीदियों, सफाई मित्रों, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आम नागरिकों के लिए सेक्टरवार पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है।

निगम प्रशासन ने सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं संस्थाओं से अपील की है कि वे अपने-अपने लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और निर्धारित मार्गों से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचें, जिससे यातायात व्यवस्था एवं आयोजन संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।स्वच्छता के इस महाअभियान के माध्यम से कोरबा शहर सामूहिक सहभागिता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए न केवल स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराएगा, बल्कि गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराकर ऊर्जाधानी कोरबा को एक नई और गौरवपूर्ण पहचान दिलाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी