आठवीं की केंद्रीकृत परीक्षा शुरू, पहले दिन 195 छात्र -छात्राएं रहे अनुपस्थित
धमतरी, 17 मार्च (हि.स.)। जिले के सभी शासकीय और निजी माध्यमिक स्कूलों में 17 मार्च से कक्षा आठवीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा शुरू हुई। पहले दिन गणित विषय की परीक्षा आयोजित की गई। जिसमें पंजीकृत कुल 12145 में 11950 विद्यार्थी उपस्थित रहे। वहीं 195 विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे।
मंगलवार से कक्षा आठवी की केंद्रीकृत परीक्षा शुरू हुई। इस परीक्षा के लिए विकासखंड धमतरी में 186, कुरुद में 137, नगरी में 132 एवं मगरलोड में 70 सहित कुल 525 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही परीक्षा के बेहतर संचालन के लिए 144 मुख्य परीक्षा केंद्र भी बनाए गए हैं। सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक सभी केंद्रों में परीक्षा ली गई। परीक्षा देकर निकले छात्रों ने बताया कि गणित विषय का पेपर था। सरल आया था। घन, वर्ग, प्रतिशत, घातांक, वृत के अवयव, चतुर्भुज, बीजीय व्यंजनों के गुणा और भाग से प्रश्न पूछे गए थे। संकुल समन्वयक राजेश मनवानी ने बताया कि संकुल के अंतर्गत आने वाले सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया है। इस दौरान छात्र - छात्राएं उत्साह के साथ परीक्षा देते हुए दिखे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा