कोरबा में 12वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा, 26 जून (हि. स.)। कोरबा शहर के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ढोढ़ीपारा भैंसखटाल में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां पूर्व नगर निगम पार्षद की 18 वर्षीय बेटी ने आज अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतका परिवार की बड़ी बेटी थी और 12वीं कक्षा की छात्रा थी। परिजनों ने बताया कि हाल ही में घोषित 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम से वह काफी निराश थी। उसका रिजल्ट उसकी अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं आया था, जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगी थी। परिवार और आसपास के लोगों के अनुसार, पिछले कुछ समय से वह काफी परेशान दिखाई दे रही थी।
घटना के समय वह घर के कमरे में थी। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह फांसी के फंदे पर लटकी मिली। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की जानकारी मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस को प्रारंभिक जांच में परीक्षा परिणाम के कारण मानसिक तनाव की बात सामने आई है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की मानसिक परेशानी या तनाव की स्थिति में परिवार, मित्रों या विशेषज्ञों से खुलकर बात करें। समय पर मिला सहयोग कई बार गंभीर परिस्थितियों को टाल सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी