12 वीं का हिंदी पेपर रद्द, उत्तर पुस्तिकाएं पहले ही पहुंच चुकी मूल्यांकन केंद्र

 


धमतरी, 24 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 12 वीं के हिंदी विषय की परीक्षा को निरस्त कर दिया है। 14 मार्च को आयोजित इस परीक्षा के बाद 15 एवं 16 मार्च को इंटरनेट मीडिया में सेट बी के शेटरों द्वारा लिखा हुआ प्रश्नपत्र वायरल होने के दावे सामने आए थे। इसके आधार पर 23 मार्च को हुई परीक्षा समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इसके पहले ही 22 मार्च को धमतरी के मूल्यांकन केंद्र शिव सिंह वर्मा आदर्श शासकीय उ मा विद्यालय में हिंदी विषय की लगभग 5200 उत्तर पुस्तिकाएं जांच के लिए पहुंच चुकी थी। बोर्ड ने मूल्यांकन केंद्रों को इस विषय की उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखने के निर्देश दिया है।

कड़ी सुरक्षा और 40 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा के उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 16 मार्च से शहर के शिव सिंह वर्मा आदर्श शासकीय उ मा विद्यालय धमतरी में जारी है। पहले चरण में 12 मार्च को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10 वीं की कुल 36118 एवं 12 वीं की 13668 सहित 49786 उत्तर पुस्तिकाएं जांच के लिए पहुंची थी। जिसमें 16 से 23 मार्च तक 10 वीं के 34032 एवं 12 वीं की 13174 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूर्ण हो चुकी हैं। मूल्यांकन केंद्र में कुल 40 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही एक-चार के सुरक्षा कर्मी भी तैनात हैं।

शहर के मूल्यांकन केंद्र में 22 मार्च को दूसरे चरण में कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड परीक्षा की बचे हुए विषयों की उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए पहुंच गई हैं। जिसमें 10 वीं के संस्कृत और व्यावसायिक शिक्षा के नौ विषयों के कुल 7218 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए पहुंची हैं। वहीं 12 वीं के हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, व्यवसाय अध्ययन (कामर्स) एवं व्यावसायिक शिक्षा के नौ विषयों के कुल 14900 उत्तर पुस्तिकाएं जांच के लिए पहुंची हैं।

बोर्ड द्वारा 23 मार्च को आदेश जारी कर 12 वीं हिंदी विषय की परीक्षा को निरस्त कर दिया है। अब यह परीक्षा 10 अप्रैल को पुनः आयोजित की जाएगी। 24 मार्च को 10 वीं की 1513 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 72 शिक्षकों ने किया। वहीं 12 वीं की 398 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 26 शिक्षकों ने किया। पहले चरण में 10 वीं के सामाजिक विज्ञान विषय के 573 एवं 12 वीं के भूगोल विषय के 96 उत्तर पुस्तिकाएं जांच के बचीं है।

मूल्यांकन केंद्र प्रभारी धमतरी प्राचार्य बी मैथ्यू ने बताया कि 22 मार्च को दूसरे चरण के लिए 10 वीं की 7218 एवं 12 वीं की 14900 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए पहुंची हैं। जिसमें 12 वीं के हिंदी विषय के लगभग 5200 कापियां भी आई थी। बोर्ड ने हिंदी विषय की परीक्षा रद्द करने के बाद इन उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। 25 मार्च से दूसरे चरण का मूल्यांकन कार्य शुरू किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा