सीआईएसएफ और एसईसीएल गेवरा का संयुक्त योग शिविर, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया योगाभ्यास

 


कोरबा, 21 जून (हि. स.)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई एसईसीएल बिलासपुर एवं एसईसीएल गेवरा क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में आज रविवार को कल्याण मंडपम गेवरा के सभागार में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम स्वास्थ्य आयु के लिए योग के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों, महिला कर्मियों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग शिविर में सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर के जवानों, एसईसीएल गेवरा के कर्मचारियों, श्रेया महिला समिति की सदस्याओं तथा डीएवी पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। योग सत्र का संचालन सीआईएसएफ के योग प्रशिक्षक रोहित कुमार ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को योग की विभिन्न विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर सीआईएसएफ के जवानों ने आकर्षक योग प्रदर्शन प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रोहित कुमार ने भी विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन कर योग के महत्व को रेखांकित किया।

इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक, एसईसीएल गेवरा संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा है, जिसे आज वैश्विक स्तर पर सम्मान प्राप्त है। उन्होंने सभी से नियमित योगाभ्यास को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

सीआईएसएफ इकाई एसईसीएल बिलासपुर के प्रभारी एवं उप महानिरीक्षक रघुबीर नरेन ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी को प्रतिदिन योग करने के लिए प्रेरित किया।

श्रेया महिला समिति की अध्यक्षा रंभा मिश्रा ने महिलाओं से अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

कार्यक्रम का समापन स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने तथा अन्य लोगों को भी योग के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी