चौपाटी निर्माण के विरोध में नगर पंचायत कुरुद के सामने होगा प्रदर्शन
धमतरी, 22 अक्टूबर (हि.स.)।नगर पंचायत कुरुद की धरोहर वृंदावन सरोवर को नुकसान पहुंचकर अवैध रूप से चौपाटी निर्माण का भाजपा विरोध कर रही है। 23 अक्टूबर को नगर पंचायत के खिलाफ कुरुद भाजपा द्वारा धरना देकर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन में कुरुद विधायक अजय चंद्राकर भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा है कि नगर पंचायत कुरुद को कांग्रेस के भ्रष्टाचार और अराजकता के सामने बिकने नही देंगे, बिगाड़ने नहीं देंगे। यह धरना प्रदर्शन बुधवार को सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक नगर पंचायत कुरुद के सामने हनुमान मंदिर के बाजू में होगा, जिसमें भाजपाईयों के साथ सरोवर धरोहर प्रेमी भी शामिल होंगे।
नगर पंचायत कुरुद के वार्ड क्रमांक 10 में वृंदावन सरोवर में चल रहे अवैध निर्माण के खिलाफ शहर भाजपा ने प्रशासन से भ्रष्टाचार करते हुए इस तरह के अवैध निर्माण में तत्काल रोक लगाने की मांग की है। 22 अक्टूबर को अनुविभागीय अधिकारी कुरुद, मुख्य नगर पालिका अधिकारी और थाना प्रभारी को शिकायत की गई। जिसमें अवैध निर्माण को तत्काल रोकने की मांग की गई। भाजपा संयोजक भोज चंद्राकर ने नगर पंचायत अध्यक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह निर्माण भ्रष्टाचार का हिस्सा है, जो पर्यटन को प्रभावित कर रहा है। भारत भूषण पंचायत ने इसे नगर पचायत कुरुद और प्रशासन की उदासीनता कहा। सांसद प्रतिनिधि मूल चंद सिन्हा ने कहा कि सरोवर ही धरोहर है और हमें इसकी रक्षा और सेवा करना चाहिए। भाजपा नेत्री वर्षा निर्मलकर ने कहा कि यह निर्माण सरोवर की सुंदरता को बिगाड़ रहा है और इसे रोकने के लिए प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए। इस मुद्दे पर नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चंद्राकर ने कहा कि सरोवर धरोहर को नुकसान नहीं पहुंचाया जा रहा है, बल्कि शिक्षित बेरोजगारों को व्यवसाय करने का अवसर दिया जा रहा है। विरोधी केवल ईर्ष्यावश प्रदर्शन करके ध्यान आकर्षित करने का प्रयास कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा