चित्रकाेट विधायक ने बिन्ता घाटी के लिए एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 


जगदलपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले के लोहंडीगुड़ा विकासखंण्ड के बिन्ता घाटी क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए स्वास्थ्य मंत्री के त्वरित निर्णय और संवेदनशील पहल के साथ बिन्ता घाटी क्षेत्र के लिए नई 108 एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध हो गई है। आज शुक्रवार काे चित्रकाेट विधायक विनायक गोयल द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। बिन्ता घाटी क्षेत्र के ग्रामीणाें में इस व्यवस्था को लेकर उत्साह है।

उल्लेखनीय है कि कल 10 सितंबर को छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के चित्रकोट प्रवास के दौरान क्षेत्रीय विधायक विनायक गोयल एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा बिन्ता घाटी क्षेत्र के लिए एम्बुलेंस की मांग रखी गई थी, जिस पर स्वास्थ्य मंत्री ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर 108 एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की स्वीकृति दी। स्वीकृति के बाद 24 घंटे के भीतर लोहंडीगुड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से आज विधायक विनायक गोयल द्वारा हरी झंडी दिखाकर एम्बुलेंस को बिन्ता क्षेत्र के लिए रवाना किया गया।

इस अवसर पर सब ने विश्वास जताया कि एम्बुलेंस क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस दौरान त्वरित व्यवस्था और संवेदनशीलता के लिए क्षेत्रवासियों की ओर से विधायक एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का हृदय से आभार व्यक्त किया गया ।

इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष डॉ. बसंत कश्यप, मंडल अध्यक्ष मंगतू कश्यप, महामंत्री चंद्रशेखर ठाकुर, एसटी मोर्चा जिला मीडिया प्रभारी भारत कश्यप, सरपंच डोमूराम कश्यप, एसटी महामंत्री निरंजन बघेल, धूरागांव सरपंच गुड्डू कश्यप, पूर्व मंडल अध्यक्ष बालसिंह ठाकुर सहित क्षेत्र के कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे