ब्लाक स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में जुटे 250 बाल वैज्ञानिक
धमतरी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मुजगहन स्कूल में मंगलवार को आयोजित ब्लाक स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने विज्ञान माडल, प्रोजेक्ट और नाटिका के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिता में करीब 250 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न विधाओं में विजेता प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में विज्ञान प्रश्नोत्तरी, व्यक्तिगत एवं टीम प्रोजेक्ट, शिक्षक सहायक सामग्री, विज्ञान क्लब और विज्ञान सेमिनार सहित विभिन्न विधाएं शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से विज्ञान के व्यावहारिक उपयोग, स्थानीय समस्याओं के समाधान और नए प्रयोगों की संभावनाओं को सामने रखा। कार्यक्रम बीईओ धमतरी लीलाधर चौधरी एवं एबीईओ कमलेश ध्रुव के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
विशेषज्ञों ने किया प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकनकार्यक्रम के मुख्य अतिथि शासकीय हाईस्कूल लोहारसी के प्राचार्य मदन मोहन दास थे। अध्यक्षता शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुजगहन की प्राचार्य मोनिका गोस्वामी ने की। विभिन्न विधाओं में प्रस्तुतियों के मूल्यांकन के लिए विषय विशेषज्ञों और शिक्षाविदों की निर्णायक मंडली गठित की गई थी। आयोजन में सहायक नोडल अधिकारी धनंजय सोनकर एवं परविंदर कौर गिल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पंजीयन की जिम्मेदारी संकुल समन्वयक ज्ञानेंद्र गुप्ता ने संभाली। विद्यालय के शिक्षकों और ब्लाक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सीके नेताम ने भी सहयोग किया। प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा