जगदलपुर में बाल वैज्ञानिकों ने एआई से लेकर हरित ऊर्जा तक के नवाचारों का किया प्रर्दशन
जगदलपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करते हुए जगदलपुर के जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रविवार काे जिला एवं जोनस्तरीय राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी, पश्चिम भारत विज्ञान मेला एवं विज्ञान नाटिका प्रतियोगिता सत्र 2026-27 का आयोजन किया गया।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद छत्तीसगढ़, जिला शिक्षा कार्यालय जगदलपुर तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य विषयवस्तु “सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार” रही।
जिला शिक्षा अधिकारी एआर नोन्हारे के मार्गदर्शन और नोडल प्राचार्य बीएस रामकुमार के निर्देशन में आयोजित इस समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ एडीपीओ समग्र शिक्षा जयंती कश्यप एवं प्राचार्य बीएस रामकुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा और शैक्षिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रभारी दीप्ति ठाकुर ने आयोजन की प्रस्तावना प्रस्तुत की। इस अवसर पर प्राचार्य बीएस रामकुमार ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह जीवन को सरल, सुरक्षित और बेहतर बनाने का माध्यम है, इसलिए विद्यार्थियों को निरंतर प्रश्न पूछने और प्रयोग करने का प्रयास करना चाहिए। वहीं विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित जयनारायण पाणिग्रही ने बाल वैज्ञानिकों की कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक सोच को देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताया।
प्रदर्शनी के प्रथम चरण में बस्तर जिले के सातों विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों व शिक्षकों ने जिला स्तर पर हिस्सा लिया, जिसके पश्चात जोन स्तरीय प्रतियोगिता में बस्तर और कोंडागांव जिले के लगभग 320 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी के साथ-साथ व्यक्तिगत एवं समूह परियोजना, विज्ञान नाटिका, विज्ञान प्रश्न मंच, विज्ञान क्लब गतिविधियां, शिक्षक संगोष्ठी और शिक्षक टीएलएम जैसी विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), हरित ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, गणितीय मॉडलिंग, स्वास्थ्य व स्वच्छता तथा स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों पर आधारित एक से बढ़कर एक कार्यकारी मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों के बीच कृषि की आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ बीमार एवं जरूरतमंद मरीजों की सुविधा के लिए तैयार किया गया 'स्वचालित बेड' आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा, जिसने विज्ञान के व्यावहारिक उपयोग को बखूबी दर्शाया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर करीब 45 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है, जो आगामी चरण में बस्तर जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे।
समारोह में विशेष अतिथि के रूप में सचिन करेकर एवं पूर्णिमा सरोज की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन को सफल बनाने में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता, हुर्दानंद पांडेय, सोमेश दास, आशीष दास, शाहिद जुबेर, विकास कुमार साहू, हरेंद्र राजपूत, तुला दास मानिकपुरी, मुरलीधर पटेल, मनीष कुमार अहीर, सुजाता दास, प्रज्ञा खोबरागड़े एवं त्रिशा देवांगन सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों, निर्णायकों एवं विज्ञान प्रेमियों का विशेष योगदान रहा।
मंच का प्रभावी संचालन हरेंद्र राजपूत व मनीष कुमार अहीर ने किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में प्रभारी दीप्ति ठाकुर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह पूरा आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे