बाल विवाह के पूर्ण उन्मूलन के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने की जिलेवासियों से अपील
जांजगीर-चांपा, 26 नवंबर (हि. स.)। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिलेवासियों से बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के पूर्ण उन्मूलन के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनी अपराध है, बल्कि सामाजिक अभिशाप भी है। इससे बच्चों का शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं सामाजिक विकास अवरुद्ध होता है तथा उनके बाल अधिकारों का गंभीर हनन होता है।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 27 नवंबर को बाल विवाह, कम उम्र में विवाह एवं जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस के रूप में घोषित किया गया है। इस दिवस का उद्देश्य बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।
कलेक्टर ने जिलेवासियों, समाजसेवियों, हितधारकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि बाल विवाह के उन्मूलन के लिए 27 नवंबर 2026 को विशेष ग्राम सभाओं तथा स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जनजागरूकता के लिए कार्यक्रमों में बाल विवाह नहीं करने तथा बाल विवाह का विरोध करने की शपथ लेने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि आइए, हम सभी संकल्प लें कि बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय सहभागी बनेंगे और अपने जिले को बाल विवाह मुक्त बनाकर समाज के विकास में नया आयाम जोड़ेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT