मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत 265 यात्री रवाना
धमतरी, 17 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री तीर्थ योजना के तहत जिले के 265 तीर्थयात्रियों को सोमनाथ, द्वारका एवं नागेश्वर धाम की धार्मिक यात्रा के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर नगर निगम महापौर जगदीश 'रामू' रोहरा ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया और सभी यात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
ठंड के मौसम को देखते हुए महापौर ने अपने व्यक्तिगत प्रयासों से सभी तीर्थयात्रियों को कंबल वितरित किए। विशेषकर बुजुर्ग यात्रियों की सुविधा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए की गई इस पहल से यात्रियों के चेहरे खिल उठे। तीर्थयात्रियों ने इस सहयोग के लिए महापौर के प्रति आभार जताया। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ योजना शासन की सराहनीय जनकल्याणकारी पहल है, जिसके माध्यम से बुजुर्गों एवं जरूरतमंद नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक और आध्यात्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल रहा है। तीर्थयात्रा केवल धार्मिक आस्था से जुड़ी नहीं होती, बल्कि यह मन को शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक संतुष्टि भी प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते समाज के प्रत्येक वर्ग की सुविधा और जरूरतों का ध्यान रखना जिम्मेदारी है। विशेषकर बुजुर्गों के प्रति सम्मान, सहयोग एवं संवेदनशीलता का भाव रखना सभी का कर्तव्य है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपना ध्यान रखने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और एक-दूसरे का सहयोग करने की अपील की। साथ ही भगवान सोमनाथ, द्वारकाधीश एवं नागेश्वर महादेव से सभी यात्रियों के सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। यात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक डॉ. मनीषा पांडेय, नगर निगम एमआईसी सदस्य युगल किशोर 'पिंटू' यादव, पार्षद अज्जू देशलहरे एवं कुलेश सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा