मुख्यमंत्री साय 14 जून को जांजगीर-चांपा को देंगे 295 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

 


जांजगीर-चांपा, 13 जून (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 14 जून को जांजगीर-चांपा जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान नवागढ़ विकासखंड के ग्राम पोंड़ी (राछा) स्थित मैदान में आयोजित विशाल कार्यक्रम में वे जिले के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रहेगी।

मुख्यमंत्री जिले में कुल 295 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 341 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इनमें 70.10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 159 कार्यों का लोकार्पण तथा 224.90 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 182 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इन परियोजनाओं के माध्यम से जिले में सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य, नगरीय विकास और ग्रामीण अधोसंरचना को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित किए जाने वाले 159 कार्यों में जल संसाधन विभाग, लोक निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, वन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, नगरीय प्रशासन तथा सीजीएमएससी के विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं। इनमें जल संसाधन विभाग हसदेव नहर जांजगीर के 3 कार्य, जल संसाधन संभाग जांजगीर का 1 कार्य, वन मंडल जांजगीर-चांपा का 1 कार्य, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग के 7 कार्य, लोक निर्माण विभाग के 3 कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के 26 कार्य, सीजीएमएससी के 4 कार्य, नगरीय प्रशासन के 22 कार्य तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 92 कार्य शामिल हैं। इन कार्यों की कुल लागत 70.10 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

वहीं भूमिपूजन के लिए चयनित 182 विकास कार्यों की कुल लागत 224.90 करोड़ रुपये से अधिक है। इनमें जल संसाधन विभाग हसदेव नहर जांजगीर के 8 कार्य, जल संसाधन संभाग जांजगीर के 2 कार्य, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के 9 कार्य, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 7 कार्य, लोक निर्माण विभाग (सेतु निर्माण) का 1 कार्य, लोक निर्माण विभाग के 28 कार्य, सीजीएमएससी का एक कार्य, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल संभाग सक्ती के 6 कार्य, नगरीय प्रशासन के 34 कार्य तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 86 कार्य शामिल हैं।

जिले में होने वाले इन विकास कार्यों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। सड़क और पुल निर्माण परियोजनाओं से आवागमन सुगम बनेगा, जबकि पेयजल और सिंचाई योजनाओं से किसानों और आम नागरिकों को लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य और नगरीय विकास से जुड़े कार्यों के पूरा होने पर जिले की अधोसंरचना को भी मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को जांजगीर-चांपा जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT