मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना से ललिता के बच्चे की पढ़ाई को मिला सहारा, तीन हजार की छात्रवृत्ति से खरीदी पुस्तकें और कॉपियां
कोरबा, 08 अक्टूबर (हि. स.)। श्रमिक परिवारों के बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति सहायता योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक सहारा बन रही है। योजना का लाभ मिलने से पोड़ीबहार निवासी ललिता राठौर ने अपने बच्चे की शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने के लिए पुस्तकें और कॉपियां खरीदी हैं।
ललिता राठौर के पति संतोष कुमार मिस्त्री का काम करते हैं। उनका पंजीयन छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में मजदूर रेजा-कुली के रूप में है। श्रम विभाग के माध्यम से उन्हें मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति सहायता योजना की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने योजना के लिए आवेदन कर लाभ प्राप्त किया।
योजना के अंतर्गत ललिता राठौर की द्वितीय संतान को 3,000 रुपये की छात्रवृत्ति राशि प्राप्त हुई। परिवार ने इस राशि का उपयोग बच्चे की पढ़ाई के लिए जरूरी पुस्तकें और कॉपियां खरीदने में किया। इससे बच्चे की शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने में परिवार को आर्थिक राहत मिली।
ललिता राठौर ने बताया कि छात्रवृत्ति की राशि से पढ़ाई से जुड़ी जरूरी सामग्री खरीदने में काफी मदद मिली है। आर्थिक रूप से सीमित संसाधनों वाले परिवार के लिए बच्चों की शिक्षा से जुड़े खर्च पूरे करना चुनौतीपूर्ण होता है, ऐसे में छात्रवृत्ति योजना उनके लिए उपयोगी साबित हुई है।
ललिता राठौर के परिवार को महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति सहायता योजना का लाभ मिलने पर श्रम विभाग, कोरबा और छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी