अंबिकापुर: केंद्रीय जेल का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने किया निरीक्षण, बंदियों की सुविधाओं पर दिया जोर
अंबिकापुर, 09 जनवरी (हि.स.)। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरगुजा के अध्यक्ष के.एल. चरयाणी ने शुक्रवार को केंद्रीय जेल अंबिकापुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय न्यायाधीश ने बंदियों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग, शिल्पकला, पंजियां और लिफाफों का अवलोकन किया तथा उनकी रचनात्मक गतिविधियों की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं सहित अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
के.एल. चरयाणी ने जेल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि जो बंदी विधिक सहायता लेना चाहते हैं, उन्हें नियमानुसार त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी बंदी को विधिक सहायता से वंचित न रखा जाए और इच्छुक बंदियों के मामलों में अपील, पुनरीक्षण सहित प्रकरण की स्थिति के अनुसार विधिक सहायता की प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला बैरक का भी दौरा किया और वहां निरुद्ध महिला बंदियों तथा उनके साथ रह रहे बच्चों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पल्लव रघुवंशी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव लीनम बनसोड़ें एवं जेल के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह