नीट परीक्षा में पारदर्शिता और छात्र आंदोलन के समर्थन में उतरा छत्तीसगढ़ किसान यूनियन, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग
धमतरी, 20 जुलाई (हि.स.)।
छत्तीसगढ़ किसान यूनियन, जिला धमतरी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन करते हुए राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम सोमवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।
किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष घनाराम साहू ने कहा कि जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन पर बैठे शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा बलपूर्वक हटाकर अस्पताल ले जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। यूनियन का कहना है कि संविधान प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से आंदोलन करने का अधिकार देता है, ऐसे में आंदोलनकारियों को उनकी इच्छा के विरुद्ध जबरन अस्पताल में भर्ती कराना उचित नहीं है और यह घटना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। किसान यूनियन ने केंद्र सरकार से छात्र आंदोलन की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए नीट परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, शिक्षा व्यवस्था में आवश्यक सुधार करने तथा छात्रों का विश्वास बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा