उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न, कन्हर और सेंदुर नदी घाटों पर उमड़े श्रद्धालु

 


बलरामपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही छठ व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास पूरा किया।

बलरामपुर जिले में भी छठ महापर्व पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व के चौथे दिन रामानुजगंज के कन्हर नदी छठ घाट पर सुबह बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। व्रतियों ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। घाट पर पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

वहीं, सेंदुर नदी घाट पर आयोजित छठ पूजा में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी शामिल हुईं। उन्होंने व्रतधारी महिलाओं और श्रद्धालुओं के साथ भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने सभी को छठ महापर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, तप, संयम और पवित्रता का प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। इस दौरान कुछ युवतियों ने मंत्री के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

छठ व्रती संगीता चौरसिया ने बताया कि छठ पर्व बिहार का सबसे बड़ा पर्व माना जाता है। यह चार दिनों तक चलने वाला कठिन व्रत है, जिसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन संध्या अर्घ्य और चौथे दिन सुबह उषा अर्घ्य दिया जाता है। उन्होंने कहा कि छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की कामना के लिए यह पर्व किया जाता है।

वहीं, व्रती सुषमा मानिकपुरी ने बताया कि छठ पूजा में छठी मैया और सूर्य भगवान की विधि-विधान से पूजा की जाती है। व्रती अर्घ्य अर्पित कर अपने परिवार की खुशहाली और बच्चों के सुखद भविष्य के लिए आशीर्वाद मांगते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय