छठ महापर्व की शुरुआत, कोरबा में 55 घाट सजकर तैयार; रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
कोरबा, 14 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के पारंपरिक अनुष्ठान के साथ हो गई। पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार मूल के परिवारों द्वारा पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाए जाने वाले इस चार दिवसीय पर्व को लेकर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नगर निगम क्षेत्र के करीब 55 घाटों को छठ पूजा के लिए तैयार किया गया है। रविवार शाम को श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।
छठ पर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई गई। इस अवसर पर व्रतियों ने घरों और पूजा स्थलों की साफ-सफाई की। इसके बाद पारंपरिक रूप से लौकी की सब्जी, चावल और दाल तैयार की गई। भगवान को भोग अर्पित करने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों के बीच भी वितरित किया।
शनिवार को पर्व का दूसरा दिन खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे और सूर्यास्त के बाद विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। खरना के प्रसाद के रूप में पारंपरिक खीर और रोटी तैयार कर भगवान को अर्पित की जाएगी। पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करेंगे।
रविवार शाम को श्रद्धालु परिवार के सदस्यों के साथ तालाबों और नदी घाटों पर पहुंचकर अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और स्वस्थ जीवन की कामना की जाएगी। इसके बाद सोमवार सुबह 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ छठ महापर्व का समापन होगा। सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती अपना निर्जला व्रत खोलेंगे।
छठ पूजा को लेकर शहर के विभिन्न तालाबों और नदी घाटों की साफ-सफाई कराई गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। एसईसीएल कुसमुंडा के आदर्श नगर कॉलोनी स्थित तालाब में छठ पूजा समिति द्वारा भी सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पूरे पर्व के दौरान घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भजनों से भक्तिमय माहौल बनेगा। नगर निगम कोरबा क्षेत्र के लगभग 55 घाटों पर श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी