कोरबा जिले में श्रद्धा और उल्लास के साथ छठव्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया

 




कोरबा, 15 नवंबर (हि. स.)। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा रविवार को कोरबा जिले में श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार शाम व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने जिले के विभिन्न छठ घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया और भगवान सूर्य की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की गई।

छठ पूजा को लेकर कोरबा शहर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखने को मिला। छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजाम किए गए थे। व्रती पारंपरिक वेशभूषा में बांस की टोकरी और सूप में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना तथा अन्य पूजन सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचे। शाम होते ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। परिवार के सदस्यों ने भी व्रतियों के साथ पहुंचकर पूजा-अर्चना में सहभागिता निभाई। छठी मैया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय वातावरण के बीच सभी पूजा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।

कोरबा शहर के अलावा जिले की प्रमुख उपनगरीय बस्तियों बालको, रजगामार, दीपका और एनटीपीसी कोरबा सहित कुसमुंडा एवं दर्री क्षेत्र में भी छठ महापर्व की विशेष रौनक देखने को मिली। इन क्षेत्रों में निवासरत पूर्वांचल समाज के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए पर्व मनाया। विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर की सुबह व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा और चार दिवसीय छठ पूजा का समापन होगा। सूर्योपासना का यह महापर्व शुद्धता, संयम, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। श्रद्धालु भगवान सूर्य और छठी मैया से परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी