चेन्नई पीआईबी की टीम को नक्सल मुक्त बस्तर के विकास व नवाचार की दी गई जानकारी

 


जगदलपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर, जगदलपुर में सोमवार को चेन्नई पीआईबी की मीडिया टीम को बस्तर संभाग में माओवाद मुक्त वातावरण के साथ हो रहे विकास कार्यों और नवोन्मेषी प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से बस्तर संभाग में सुरक्षा के साथ विकास को गति देने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी साझा की।

प्रस्तुति में माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों, शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षा, अधोसंरचना, रोजगार एवं पुनर्वास सहित क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और सकारात्मक बदलावों को रेखांकित किया गया।

चेन्नई पीआईबी के निदेशक पी. अरुण कुमार के नेतृत्व में बस्तर संभाग के अध्ययन भ्रमण पर आयी मीडिया टीम ने बस्तर में सुरक्षा, विकास, शिक्षा, पुनर्वास और पर्यटन के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों को करीब से जाना और विभिन्न नवोन्मेषी प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। इस कड़ी में चेन्नई की मीडिया टीम ने बस्तर प्रवास के दौरान प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकोट जलप्रपात का भ्रमण किया और बस्तर की प्राकृतिक एवं पर्यटन संपदा से परिचित हुई। इसके बाद टीम ने पण्डूम कैफे पहुंचकर पुनर्वासित लोगों से संवाद किया। इस दौरान पुनर्वास के बाद उनके जीवन में आए बदलावों, स्वरोजगार और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के अनुभवों पर चर्चा की गई।

मीडिया टीम ने एकलव्य विद्यालय का भी भ्रमण किया और विद्यार्थियों से संवाद किया। विद्यार्थियों से बस्तर में शिक्षा के बदलते स्वरूप, उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं और उनके भविष्य के लक्ष्यों के संबंध में चर्चा की गई। इस दौरान टीम ने बस्तर में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी प्राप्त की।

इस अवसर पर कमिश्नर बस्तर संभाग डोमन सिंह, बस्तर आईजी बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा एवं सीईओ जिला पंचायत तन्मय खन्ना उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे