छत्तीसगढ़ में बदलाव बस्तर से शुरू होगा, प्रशिक्षण कार्यक्रम से कांग्रेस मजबूत बनेगी : दीपक बैज

 


जगदलपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में आगामी 2028 विधानसभा चुनाव और उसके लिए जमीनीस्तर पर अपने ब्लाॅक अध्यक्षों को पूरी तरह से चुनाव के लिए तैयार करने के लिए कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत पहले चरण में बस्तर में संपन्न की गई।

छत्तीसगढ़ के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने बुधवार काे कहा कि बस्तर सत्ता की कुंजी रही है। छत्तीसगढ़ में सरकार बनाना है तो बस्तर से इसकी शुरूआत होती है, इस बार बदलाव भी बस्तर से शुरू होगा जो मैदानी इलाके रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा तक पहुंचेगा। कांग्रेस इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से मजबूत बनेगी

दीपक बैज ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के सभी पांचों संभागों में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत बस्तर संभाग से हुई। इन शिविरों में प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और मास्टर ट्रेनर ने प्रशिक्षण दिया, यहां से निकलने के बाद ब्लॉक अध्यक्ष नए कलेवर के रूप में काम करेंगे। आक्रामक, बदले हुए रूप में जनता के मुद्दों को लड़ाई लड़ेंगे। विधानसभा चुनाव 2028 में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए काम करेंगे। इससे कांग्रेस को फायदा होगा और संगठन को मजबूती मिलेगी।

दीपक बैज ने बताया कि तीन दिनों तक चले मास्टर ट्रेनर्स शिविर में संभाग भर के 58 ब्लॉक अध्यक्षों के साथ 20 मास्टर ट्रेनरों ने प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान संगठन को मजबूत करने, जनता से सीधे कनेक्ट होने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने को लेकर प्रदेश के बड़े कांग्रेस नेता, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव, मोहन मरकाम, राजेश तिवारी ने भी टिप्स दिए। उन्हाेंने कहा कि आगामी चुनाव पर पूरा फोकस रखा गया। प्रशिक्षण के समापन के बाद मिशन 2028 की तैयारी भी बस्तर में तेज कर दी जाएगी। ब्लॉक अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर आम जनता के बीच पहुंचकर जनसंपर्क कर पार्टी को मजबूत बनाने पर काम करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे