कच्चे घर की मुश्किलों से पक्के आशियाने तक पहुंची नीराबाई कश्यप की कहानी
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण से मिला पक्का घर, शौचालय और रोजगार से परिवार को मिला आर्थिक संबल
जांजगीर-चांपा, 22 सितंबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा की कहानी’ और ‘कहानी बदलाव की’ पहल के माध्यम से शासन की योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव की कहानियां सामने लाई जा रही हैं। ग्राम पंचायत अमोरा, जनपद पंचायत नवागढ़ निवासी नीराबाई कश्यप के परिवार की कहानी भी इसी बदलाव को दर्शाती है।
नीराबाई का परिवार लंबे समय तक कच्चे मकान में सीमित संसाधनों के बीच जीवनयापन करता रहा। बारिश और मौसम की विपरीत परिस्थितियों में परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में आवास स्वीकृत होने के बाद परिवार को पक्का और सुरक्षित घर मिला। अब नीराबाई अपने परिवार के साथ सुरक्षित आवास में सुकून से रह रही हैं।
पक्के मकान के साथ परिवार को स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय की सुविधा भी मिली। इससे परिवार को स्वच्छता, सुविधा और सम्मानजनक जीवन का आधार मिला। नीराबाई को महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है। वहीं रोजगार गारंटी योजना के तहत उन्हें 90 दिवस की मजदूरी प्राप्त हुई, जिससे परिवार की जरूरतों को पूरा करने में आर्थिक मदद मिली और स्थानीय स्तर पर रोजगार का अवसर भी मिला।
विभिन्न योजनाओं का लाभ एक साथ मिलने से नीराबाई के परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। सुरक्षित आवास, शौचालय, आर्थिक सहायता और रोजगार ने परिवार को बेहतर जीवन की ओर आगे बढ़ने का भरोसा दिया है।
नीराबाई कश्यप की कहानी इस बात को दर्शाती है कि शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचने से उनके जीवन में व्यापक बदलाव आ सकता है। उन्होंने योजनाओं से मिले लाभ और सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT