गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें : आरएस विश्वकर्मा

 

छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष ने ली जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 18 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त आरएस विश्वकर्मा ने आज बुधवार काे कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

विश्वकर्मा ने विभागवार समीक्षा के दौरान कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को किसानों की आय बढ़ाने के लिए परंपरागत खेती के साथ-साथ दलहन एवं तिलहन फसलों का रकबा बढ़ाने हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक सिचांई परियोजनाओं का निर्माण कर सिचांई का रकबा बढ़ाने, ऑयल पाम की खेती तथा आम, जामुन, लीची, पपीता, केला सहित विभिन्न उद्यानिकी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि आधारित आजीविका के विविध स्रोत विकसित कर किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकता है।

आयोग के अध्यक्ष विश्वकर्मा ने पशुधन विकास विभाग की समीक्षा करते हुए डेयरी विकास योजनाओं के माध्यम से किसानों एवं पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में प्रोत्साहित करने कहा। उन्होंने लघु वनोपजों के प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं लाख की खेती को बढ़ावा देकर वनांचल के ग्रामीण परिवारों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर सृजित करने के निर्देश दिए। साथ ही मत्स्य पालन व्यवसाय को बढ़ावा देकर ग्रामीणों की आजीविका संवर्धन पर विशेष ध्यान देने कहा। शिक्षा एवं आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्कूलों, छात्रावासों एवं आश्रमों का समुचित रखरखाव, आवश्यक मरम्मत एवं रंगरोगन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को बेहतर आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रावासों की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने कहा।

विश्वकर्मा ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सामुदायिक नल-जल योजनाओं के निर्माण एवं पेयजल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में कुपोषित बच्चों को सुपोषित बनाने के लिए विशेष प्रयास करने तथा पोषण संबंधी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने कहा। समाज कल्याण विभाग को सभी पात्र हितग्राहियों तक पेंशन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए विश्वकर्मा ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण, जरूरतमंद लोगों को बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिक से अधिक पात्र परिवारों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।

बैठक के प्रारंभ में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले की भौगोलिक स्थिति, सामान्य जानकारी एवं प्रमुख विशेषताओं से आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों को अवगत कराया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विभागीय गतिविधियों, संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, निर्धारित लक्ष्यों, उपलब्धियों तथा अनुदान एवं ऋण आधारित योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

समीक्षा बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के सदस्य यशवंत सिंह वर्मा, निलांबर नायक, बल्दाऊ राम साहू, हरिशंकर यादव तथा आयोग के सचिव अमित कुमार श्रीवास्तव, वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल